अपकमिंग फिल्म भूत बंगला को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने साफ तौर पर कहा है कि इस फिल्म का भूल भुलैया फ्रेंचाइजी से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों फिल्मों की कहानी, ट्रीटमेंट और कॉन्सेप्ट पूरी तरह अलग हैं।
एक बातचीत के दौरान प्रियदर्शन ने बताया कि ‘भूल भुलैया’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर थी, जबकि ‘भूत बंगला’ को फैंटेसी जॉनर में बनाया गया है। इस फिल्म में भूत-प्रेत से जुड़े पारंपरिक विश्वासों को एक नए और अलग नजरिए से पेश करने की कोशिश की गई है, जो इसे खास बनाती है।
निर्देशक के मुताबिक, फिल्म की कहानी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को भी जोड़ा गया है। इसमें क्वांटम फिजिक्स जैसे सिद्धांतों का इस्तेमाल करते हुए चेतना के एक शरीर से दूसरे शरीर में स्थानांतरण जैसी जटिल अवधारणाओं को दर्शाया गया है। उनका मानना है कि यही यूनिक एंगल इस फिल्म को बाकी फिल्मों से अलग पहचान देता है।
गौरतलब है कि ‘भूल भुलैया’ फ्रेंचाइजी के दोनों सीक्वल्स में कार्तिक आर्यन ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जिनका निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था। हालांकि इन फिल्मों से न तो प्रियदर्शन जुड़े थे और न ही अक्षय कुमार का हिस्सा रहे।
अब ‘भूत बंगला’ के जरिए प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आने वाली है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू, वामिका गब्बी, जिशु सेनगुप्ता, मनोज जोशी, मिथिला पालकर, असरानी और राजेश शर्मा जैसे कलाकार नजर आएंगे।
यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद जिस तरह से इसे ‘भूल भुलैया’ से जोड़कर देखा जा रहा था, अब उस पर पूरी तरह विराम लग चुका है।

